कासगंज/गंजडुुंडवारा/ अमांपुर। जिले में शनिवार को कहीं तेज तो कहीं धीमी गति से बारिश हुई। काफी देर तक बारिश होती रही बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। लोगों को आवागम में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। पारा नीचे आ गया।
मौसम का मिजाज शुक्रवार देर शाम से अचानक बदल गया। देर शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन देर रात के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया। जिला मुख्यालय क्षेत्र में सुबह से लेकर देर शाम तक रुक-रुककर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतें हो गई। जो लोग छाता लेकर नहीं निकले वे बारिश से बचने के लिए इधर-उधर रुक जाते। बारिश बंद हो जाने पर फिर से अपने गंतव्य को निकल पड़ते।
अमांपुर
में सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया। क्षेत्र में काफी तेज बारिश हुई। कस्बा के पुराना थाना परिसर, विकोरा रोड, हिन्दुस्तान डेयरी के पीछे, गुडमंडी, जवाहर नगर में आदि गली-मोहल्लों में पानी भर गया। लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लोग गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हो गए। जलभराव से नगर पंचायत के सफाई कार्य की पोल खुल गई।
गंजडुंडवारा
में सुबह से ही तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। काफी देर तक बारिश होती रही। कस्बे के थाना रोड, मोहन पुर रोड, स्टेट बैंक रोड, सुदामापुरी रोड, सर्राफा बाजार अन्य इलाकों में पानी भर गया। लोगों को आवागमन में समस्या उठानी पड़ी।
बारिश के चलते छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतें हो गई। काफी कम संख्या में बच्चे स्कूल पहुंचे। जो बच्चे स्कूल पहुंचे वे रास्ते में बारिश शुरू हो जाने से भीग गए। कई स्कूलों में बारिश को देखते हुए अवकाश घोषित कर दिया।
बारिश का असर बाजारों पर भी पड़ा। कस्बाई क्षेत्रों में जलभराव होने से बाजार देर से खुल सके। जिला मुख्यालय क्षेत्र में लगातार बारिश होने से बाजार में चहल पहल पर असर देखा गया। रेहड़ी-पटरी पर कारोबार करने वाले काफी कारोबारी मौसम को देखते हुए घरों से नहीं आए।