कोसीकलां (मथुरा)। विद्युत विभाग की लापरवाही किसानों पर भारी पड़ रही है। रविवार को झूलते विद्युत तारों से उठी चिंगारी ने गांव बरहाना में खड़ी फसल में आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब दो बीघा फसल जलकर राख हो गई।
रविवार की दोपहर में बरहाना में किसान खेतों में गेहूं की फसल की कटाई चल रही थी। तभी अचानक झूलते तारों की चपेट में एक पक्षी आ गया। इससे वहां धमाके के साथ चिंगारी निकली और नीचे खेत में खड़ी गेहूं की फसल में लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया।
आग लगते ही आसपास कटाई में जुटे किसान एवं मजदूर आग बुझाने को दौड़ पड़े। फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। जिसकी मदद से आग पर काबू पाया गया। आग से नवल पंडित की दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अभी लोग उसे बुझाकर ही गए थे कि दोबारा वहां तार टूटकर खेतों में आ गिरा। ग्रामीणों ने पुलिस और विभागीय अधिकारियों को सूचना देकर बुलाया।