फरह (मथुरा)। एक युवक की हत्या करने के बाद शव को पेट्रोल डालकर फूंक दिया गया। उसका अधजला शव शुक्रवार को खेत के पास पड़ा मिला है। शव के पास ही एक कट्टी (बड़ा डिब्बा) भी मिली है, माना जा रहा है कि हत्यारे इसी में पेट्रोल भरकर लाए थे। घटनास्थल के पास कार के टायरों के निशान भी मिले हैं। माना जा रहा है कि हत्यारे कार से पहुंचे थे।
मथुरा में हत्या के बाद शव जला कर फेंकने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इस बार फरह में सलेमपुर गांव को जाने वाले रास्ते के किनारे एक युवक का अधजला शव पड़ा मिला है। शरीर सत्तर फीसदी तक जल चुका है। हालांकि चेहरा कम जला है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की मगर शनाख्त हो नहीं पाई है। जहां शव मिला है वहां कच्चा रास्ता है और उस पर कार के पहियों के निशान मिले हैं। इससे
माना जा रहा है कि बदमाश कार से यहां तक पहुंचे होंगे। पहले युवक की हत्या की और फिर पेट्रोल डालकर फूंक डाला। शव के पास जो कट्टी पड़ी मिली है उसमें पेट्रोल की गंध भी आ रही है। फरह के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पंवार ने बताया कि पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास के जिलों को भी रिपोर्ट भेजी गई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस पर रखवा दिया गया है। माना जा रहा है कि बदमाश हाईवे से होते हुए यहां तक पहुंचे होंगे। हत्यारे आसपास के ही किसी जिले के होंगे।
गला घोंटकर की गई है हत्या
फरह। पुलिस जो आशंका व्यक्त कर रही है उसके मुताबिक युवक की हत्या गला घोंटकर की गई है। गले की हड्डी अंदर की तरफ दबी हुई दिख रही है। हालांकि हकीकत तो पोस्टमार्टम के बाद ही सामने आएगी। वहीं फरह में बढ़ते अपराध से लोगों में दहशत है। बताया जाता है कि फरह क्षेत्र में इस समय कोई दिन ही ऐसा बीत रहा होगा जब कोई वारदात न होती हो।