मथुरा। महानगर के अंबाखार में किराए पर रह रहे एक तंदूरकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे में पंखे से शव को लटका देख कोतवाली पुलिस को मकान मालिक ने सूचित किया। कोतवाली पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को उतारा। पुलिस की माने तो युवक ने तनाव में आकर आत्महत्या की है। उधर, मृतक के परिजनों ने उसकी आंखे दान कर दी।
कोतवाली के अंबाखार निवासी नीरज शर्मा (26) पुत्र भगवान शर्मा अपने पिता से अलग अंबाखार में ही रंभो के मकान में किराए पर रह रहा था। गुरुवार की रात 11 बजे मकान मालिक ने नीरज के कमरे का दरवाजा खटखटाया। आवाज न आने पर शक हुआ। खिड़की से झांककर देखा तो वह दंग रह गए।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को पंखे से उतारा। कोतवाली प्रभारी विकास तोमर ने बताया कि अकेले रहने के कारण तंदूरकर्मी तनाव में था। इसी के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उधर, मृतक के परिजनों ने उसकी आंखे दान कर दी। मृतक के चाचा गोविंद ने बताया कि भतीजे के मरने के बाद आंखें दान कर दी गई हैं। इससे किसी जिंदगी को नई रोशनी मिलेगी।