कोसीकलां (मथुरा)। रास्ते से निकलने को लेकर दिल्ली गेट पर हुए विवाद के बाद नवीपुर एवं पैगांव में तनाव है। मंगलवार को गांव नवीपुर में पंचायत हुई। जिसको लेकर बुधवार को आसपास के आठ गांवों की महापंचायत बुलाई है। उधर पंचायत को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है।
सोमवार को नवीपुर निवासी बांकेबिहारी अपने पिता ओमप्रकाश को लेकर बाइक से जा रहा था। रास्ते से हटने की कहने को लेकर ही वहां विवाद हो गया था। उन्हें बचाने आए राहगीर पैगांव निवासी महेश, मनु एवं नवीपुर विशाल के साथ मारपीट कर दी गई। इसको लेकर गांव नवीपुर एवं पैगांव में आक्रोश है।
मंगलवार को नवीपुर के मंदिर पर पंचायत हुई। जिसमें डिडेपाल सहित आठ गांवों की पंचायत बुलाई गई है। फैसला लिया कि पुलिस से भी पूछा जाएगा कि अब तक उन्होंने इस मामले में क्या कार्रवाई की है। वहीं रास्ते में अतिक्रमण का मुद्दा भी छाया रहा। पंचों ने कहा कि इस मामले को लेकर बुधवार को आठ गांवों की महापंचायत राजमार्ग पर चौपाल पर बुलाई गई है। वहां पर मामले को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। वहीं अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से पूछा जाएगा कि वे अपने इस रवैये को बदलेंगे या फिर उनसे कोई उम्मीद रखी जानी चाहिए या नहीं।
शांतिपूर्ण रहा माहौल
सोमवार को झगड़े के बाद दिल्ली गेट पर सुरक्षा व्यवस्था को चौक चौबंद रही। सीओ ने फोर्स समेत फ्लैग मार्च किया। एसओ अमित कुमार ने पंचायत के बारे में उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया।