मैनपुरी। लोकसभा चुनाव में खलल न पड़े इसके लिए अपराधियों पर पुलिस की नजर रहेगी। इसके लिए हाल ही में जेल से जमानत पर छूटने वाले या जेल में बंद अपराधियों की गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही पुलिस महकमे में गुंडा एक्ट व गैंगस्टर की कार्रवाई करने को निर्देशित किया गया है।
लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर प्रशासन किसी भी तरह की कोर कसर छोड़ना नहीं चाहता। राजनीतिक पार्टियां जहां मतदाताओं को नजदीक लाने की कवायद में जुटी हैं, तो वहीं प्रशासन सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर प्रयास में जुटा हुआ है। थानेवार अराजक तत्वों को चिह्नित कर पाबंद किए जानेके निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
गुंडा एक्ट व गैंगस्टर की कार्रवाई भी लगातार की जारी है। हाल ही में एसपी अजय शंकर राय ने कई गैंग सूचीबद्ध किए हैं। चुनाव को धन और बल किसी तरह से प्रभावित न कर पाए इसके लिए कई माफिया की संपत्ति भी सीज करने की कार्रवाई की जा चुकी है। चुनाव के दौरान आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कवायद शुरू हो चुकी है।
जेल में बंद शातिर अपराधियों व हाल ही में जमानत पर आने वाले अपराधियों की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। गंभीर मामलों में जेल में निरुद्ध शातिरों से मिलने वालों के बारे में जांच पड़ताल की जा रही है। समय-समय पर अधिकारी जेल का निरीक्षण कर गतिविधि पर भी नजर बनाए हुए हैं।