गोवर्धन (मथुरा)। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल आगरा द्वारा आयोजित दशम दिव्य छप्पन भोग महोत्सव से पूर्व बुधवार को गिरिराज जी के गोविंदाभिषेक में वेदमंत्रों एवं परिक्रमा में जयकारों की गूंज से समूची तलहटी भक्तिमय दिखाई दी।
आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित कार्ष्णि गुरु शरणानंद आश्रम में मथुरा के पंडित आचार्य गोपाल के निर्देशन में गिरिराज जी का गोविंदाभिषेक सुरभि गाय के प्रतीकात्मक स्वरूप में किया गया। गोविंदाभिषेक में गोपाल सहस्त्रनाम के सस्वर पाठ एवं वेदमंत्रों की ध्वनि गूंजती रही।
सप्त नदियों के जल, दूध-दही, शहद आदि के मिश्रण से अभिषेक किया गया। तदुपरांत गिरिराज जी की सात कोस की परिक्रमा चांदी के पात्र में सप्त दूध की धारा ठाकुर जी के डोले के साथ लगाई।
संस्थापक नीतेश अग्रवाल एवं अध्यक्ष मयंक अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार को गिरिराज जी के दिव्य छप्पन भोग के दर्शन होंगे। इस बार छप्पन भोग स्थल को विदेशी पुष्पों के साथ फलों से सुसज्जित किया गया है। गिरिराज जी के दर्शनों को दोपहर 12 बजे गुरु शरणानंद महाराज द्वारा आरती उतारने के बाद खोला जाएगा। शाम सात बजे से भजन संध्या होगी।
महंत कपिल नागर, वीरेंद्र सिंघल, अध्यक्ष मयंक अग्रवाल, श्याम माहेश्वरी, अजय गोयल, मनोज गर्ग, अजय सिंघल, रविंद्र गोयल, विष्णु बाबू अग्रवाल, पवन अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, मनीष, नीरज, आशी अग्रवाल, शिवानी सिंघल, उर्मिला माहेश्वरी, विकास जैन, सीमा गोयल, मोंटू अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल आदि थे।