फिरोजाबाद। छह दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम को ध्यान में रखकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने कहा जिले में सभी थाना प्रभारियों और सीओ को सजग रहने के निर्देश दिए हैं। संभावित स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
अफवाह को फैलाने वालों पर निगरानी रखी जाएगी। खुफिया की टीमें सक्रिय रहेंगी। शहर की मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस बल पूरी तरह से सक्रिय रहेगा। इसके साथ ही चौराहों के साथ-साथ भीड़ भरे बाजारों में पुलिस की टोली सक्रिय दिखाई देगी।
इसके साथ ही सभी थाना प्रभारी,क्यूआरटी टीमों के साथ ही डायल 100 की टीमें बाजारों में गश्त करती ही दिखाई देंगी। सभी थानों के पुलिस बल के साथ रिजर्ब फोर्स की ड्यूटी लगाई जाएगी। पीेएसी के जवानों के ही साथ फायर ब्रिगेड की गाडियों की तैनाती की जाएगी।
इस दौरान किसी को कोई ऐसा काम नहीं करने दिया जाएगा जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। एसपी देहात महेंद्र सिंह ने कहा कि फिरोजाबाद नगर के साथ टूंडला, शिकोहाबाद व सिरसागंज पालिका,जसराना,फरिहा,एका नगर पंचायत के साथ जिले भर में फोर्स तैनात रहेगा।
इस दौरान पुलिस की टीमें पूरी सजग रहेंगी। सोशल मीडिया पर अफवाहों को फैलाने वालों की निगरानी के लिए टीमें काम करेंगी। अफवाह फैलाने वालों का चिह्नांकन करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।