मथुरा। मथुरा-वृंदावन आकाशवाणी केंद्र अब एफएम पर है। दिल्ली से मथुरा आई इंजीनियरिंग की टीम ने बुधवार से इसका ट्रायल शुरू कर दिया है। प्रारंभिक दौर में यह 25 किलोमीटर के दायरे में सुना जा सकेगा। इसके बाद मथुरा एफएम का दायरा 50 से 60 किलोमीटर होगा।
भले ही अब रेडियो पुराने जमाने की बात होकर रह गया है, लेकिन इसी रेडियो पर मथुरा-वृंदावन केंद्र की अनेक प्रस्तुतियां आज भी लोगों के जहन में गहराई से जगह बनाए हैं। इसमें उद्घोष राधाबिहारी गोस्वामी की दिल को छूने वाली ब्रज भाषा में वह आवाज सब भइयनकू राम-राम यह आकाशवाणी कौ मथुरा-वृंदावन केंद्र है। ऐसी अनेक प्रस्तुतियों को ब्रजवासी आज भी याद करते हैं। अब इसी आकाशवाणी केंद्र को सरकार एफएम की शक्ल दे रही है। इसके लिए पिछले तीन साल से चल रही तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं।
नवरात्र के पहले दिन बुधवार को दिल्ली से मथुरा आई सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की तकनीकी टीम ने एफएम की टेस्टिंग शुरू कर दी है। इस टीम का नेतृत्व सहायक निदेशक तकनीकी राकेश त्यागी कर रहे हैं।
फिलहाल 100 फीट का टावर लगाया गया है, जिसकी क्षमता करीब 20 से 25 किलोमीटर होगी। इसके अगले चरण में यहां 300 फीट का टावर होगा, जिससे एफएम 102 मेगा हट्स मथुरा आकाशवाणी केंद्र की आवाज 50 से 60 किलोमीटर के दायरे में सुनाई देगी। संभावना है कि करीब एक सप्ताह एफएम का ट्रायल चलेगा।