ृंदावन (मथुरा)। वृंदावन पुलिस ने पौने दो माह पूर्व ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक पर हुए जानलेवा हमले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं।
बीते पांच जुलाई की शाम कार सवार बदमाशों ने प्रबंधक प्रशासन मुनीष शर्मा पर घर लौटते वक्त जानलेवा हमला कर दिया था। मुनीष के मामा राजेश शर्मा ने वृंदावन कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
रमणरेती चौकी प्रभारी विपिन गौतम और स्वाट टीम उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने मुखबिर की सूचना पर दुसायत से बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत अशोक गोस्वामी के पुत्र निर्देश उर्फ निक्की, बांकेबिहारी मंदिर के पूर्व सह प्रबंधक कन्हैयालाल और गंगाश्याम निवासी परखम को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गांव जैंत निवासी जीतू और राहुल भाग जाने में सफल रहे।
पूछताछ में कन्हैयालाल ने बताया कि वह वर्ष 2013 में बांके बिहारी प्रबंध कमेटी में सह प्रबंधक था। प्रबंधन ने कन्हैयालाल को हटाकर मुनीष शर्मा को प्रबंधक प्रशासन नियुक्त कर दिया। तभी से कन्हैयालाल मुनीष शर्मा से रंजिश रखने लगा। वह निर्देश गोस्वामी उर्फ निक्की के यहां गाड़ी चालक है। कन्हैयालाल और निर्देश गोस्वामी ने षड्यंत्र रचा और साथियों के साथ मिलकर मुनीष शर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया।