मैनपुरी-आलीपुर खेड़ा। प्रत्येक मंगलवार को लगने वाले बाजार में बकरीद से एक दिन पहले एक करोड़ का कारोबार हुआ।। बकरीद की पूर्व संध्या पर आयोजित इस बाजार में प्रदेश ही नहीं बाहरी प्रदेश से आए व्यापारियों और लोगों ने बकरों की खरीद की।
मंगलवार को बकरीद की पूर्व संध्या पर आयोजित बकरी बाजार में दिल्ली, कलकत्ता, मुंबई, हरियाना, काठमांडू, बनारस, कानपुर, आगरा, मैनपुरी, इटावा, एटा, फर्रुखाबाद ,लखनऊ और मध्य प्रदेश के व्यापारी खरीदारी के लिए पहुंचे। यहां सुबह से लेकर देर रात तक बकरों की खरीदारी का कार्य चलता रहा। पशु पालकों में भी खुशी की लहर देखी गई। उनके बकरों की मुंह मांगी कीमत मिली। मेला मालिक अभि अनूप बिहारवाल ने बताया कि मंगलवार को बाजार में एक करोड़ से अधिक की खरीदारी हुई है। उनका कहना है कि इस बाजार की शुरुआत साठ वर्ष पूर्व हुई थी।
मैनपुरी। यातायात प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि ईदगाह को जाने वाले सभी मार्गों पर बड़े वाहनों का प्रयोग सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि ज्योंति तिराहा से कोई भी वाहन आगरा रोड होते हुए नहीं गुजरेगा। यहां से बड़े वाहन देवी वाईपास रोड होकर गुजरेंगे। इसके अतिरिक्त करहल चौराहा से बड़े चौराहे तक का रास्ता भी बड़े वाहनों के लिए बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त क्रिश्चियन तिराहे से कोई भी बड़ा वाहन बाजार के अंदर प्रवेश नहीं करेगा। यहां पहुंचने वाले वाहन भांवत चौराहा होते हुए आगे के लिए रवाना होंगे। देवी रोड पर घंटा घर चौराहे से अंदर की तरफ किसी भी बड़े वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बड़े चौराहे से गोपीनाथ अड्डा तक किसी भी प्रकार का वाहन प्रवेश वर्जित होगा।