राया (मथुरा)। कस्बा निवासी एक युवक को नागिन ने डस लिया। शुक्रवार को युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने सुबह एक नाग को मारा था। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, लोगों का कहना है कि नागिन ने नाग की मौत का बदला ले लिया।
राया के मांट रोड ठाकुरद्वारा मोहल्ला निवासी हरिओम (35) पुत्र गोपाल रोज की तरह गुरुवार की सुबह गोपाल बाग में चामुंडा माता मंदिर में दर्शन करने गया था। वहां उसे काला सांप दिखाई दिया। उसने सांप को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इससे गुस्साए हरिओम ने लाठी से सांप को मार दिया और उसे जला दिया।
चर्चा है कि नाग के मरने के बाद नागिन बदला लेने के लिए उसका पीछा करती रही। नागिन शाम को हरिओम के घर आ गई। उस समय बारिश शुरू हो गई। हरिओम घर में बने बिटोरा पर तिरपाल डालने गया था। तिरपाल डालने के दौरान नागिन उसके हाथ से लिपट गई और उंगली में काट लिया। नागिन काफी देर तक लिपटी रही।
परिजन व आसपास के लोग यह देख कर अचंभित रह गए। इसके बाद वह बिटोरा में छिप गई। नागिन के काटने से हरिओम को बेहोशी छाने लगी। उसको बचाने के लिए वायगीर बुलाए गये। काफी प्रयास के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। उसे उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। यह घटना क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।