कासगंज। सहावर और अमांपुर के डकैती कांड के खुलासे के लिए पुलिस टीम ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया और उनसे अलग-अलग स्थानों पर पूछताछ की जार रही है। अभी तक खुलासे में कोई सफलता नहीं मिली है। घटना के खुलासे को लेकर पुलिस पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।
अमांपुर और सहावर में डकैती के बाद लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। यही कारण रहा कि सहावर में डकैती के बाद उपद्रव हो गया। घटनाओं के खुलासे को लेकर पुलिस पर खासा दबाव है। डकैती की वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस ने एसटीएफ सहित अपने जनपद और बाहरी जनपदों की एसओजी व क्राइम ब्रांच की छह टीमों को लगाया है।
आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद लगातार मामले में प्रगति की जानकारी ले रहे हैं। डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को मामले में अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की और पुलिस टीमों को निर्देश दिए। डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने 14 संदिग्ध लोगों को अब तक हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर भी पुलिस अन्य संदिग्धों को तलाश कर रही है। डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस की टीमें लगातार मामले के खुलासे के लिए प्रयास कर रही हैं। इन चुनौतीपूर्ण घटनाओं का खुलासा होगा। प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा रही है।