फिरोजाबाद। सब्जियों के राजा आलू ने इस बार अन्नदाता के चेहरे पर चमक बिखेर दी है। आलू की कम पैदावार और बाजार में मांग बढ़ने से भाव अच्छा मिलने लगा है। कोल्ड में रखते ही बाहर से व्यापारी आलू की खरीददारी के लिए आने लगे हैं। ऐसे में किसानों को उम्मीद है कि इस बार उन्हें अच्छा भाव मिलेगा और पिछले वर्षों से हो रहे घाटे की भरपाई भी हो जाएगी।
फिरोजाबाद कांच नगरी के रूप में भले ही पहचान रखती हो, लेकिन खेती किसानी की बात करें तो यह जिला आलू के उत्पादन का हब बन गया है। सिरसागंज, नारखी, शिकोहाबाद, टूंडला क्षेत्र में किसान आलू की फसल की बुबाई करता है। किसानों को आलू उत्पादन के साथ गेहूं की अपेक्षाकृत अच्छा लाभ होता है, लेकिन पिछले दो वर्षों से भाव नहीं मिलने से आलू किसानों के लिए घाटे का सौदा लगने लगा था। यही कारण है कि इस बार क्षेत्रफल में कमी आई है।
इस बार करीब दस हजार हेक्टेयर कम आलू की फसल बोई गई। इसके कारण आलू उत्पादन कम होना लाजिमी था। सर्दी कम पड़ने से इस बार आलू की ज्यादा पैदावार नहीं है। यही कारण है कि फसल तैयार होने के साथ कोल्ड स्टोरेज संचालकों को खुद कोल्ड भरने की चिंता सताने लगी थी। कोल्ड संचालकों ने जैसे ही किसानों के चक्कर लगाने शुरू किए वैसे ही किसानों को लगने लगा था कि इस बार उनके लिए आलू की फसल लाभकारी होगी।
बाहर के व्यापारियों ने किसानों का आलू 275 से 300 और 325 रुपये प्रति पैकेट खरीदना शुरू कर दिया है। किसानों को उम्मीद है कि गर्मी बढ़ते ही बाहर से आलू की मांग बढ़ते ही आलू 10 से 15 रुपया तक प्रति किग्रा बिकेगा। इससे आलू किसानों में खुशी की लहर है।
जिले में आलू की स्थिति एक नजर में.....
-जिले में कुल कोल्ड स्टोरेज की संख्या 160
-जिले के इन कोल्डस्टोरेज में 14.80 लाख मैट्रिक टन रखा जा सकता है।
-जिले में कुल 58 हजार हेक्टेयर में बोया गया आलू।
-जिले में इस बार11.55 लाख मीट्रिक टन आलू उत्पादन होने की उम्मीद।
-आलू की कम पैदावार होने के कारण 15 प्रतिशत कोल्ड रह सकते हैं खाली।
-आलू उत्पादन इस बार हर किसान के लिए लाभदायक रहेगा। खेतों से आलू की अधिकांश बिक्री हो चुकी है। कोल्ड में पहुंचने के साथ ग्राहक (व्यापारी) आने शुरू हो गए हैं। इस बार दो वर्ष का घाटा पूरा होने की उम्मीद है।
अमरनाथ शर्मा उसायनी फिरोजाबाद।
-आलू का अच्छा भाव मिलने से कर्ज पटेगा। आलू खरीदने को ग्राहक आ रहे हैं, लेकिन अभी दरें और बढ़ने की उम्मीद है। बेहतर रेट मिलने पर इस बार आलू बेचेंगे। मुंबई, भोपाल एवं नासिक के व्यापारी अभी से मांग करने लगे हैं।
तेजवीर सिंह गढ़ी अफोह फिरोजाबाद।
-आलू उत्पादन करना इस बार ठीक रहा। खर्चा निकालने के साथ पिछला घाटा पूरा होने की उम्मीद है। लेकिन बाजार में इसी तरह की डिमांड बनी रहे तभी घाटा पूरा होना संभव है। सरकार आलू का निर्यात करे तो किसानों को अच्छा भाव मिलेगा।
मुन्नालाल फतेहपुरा नारखी फिरोजाबाद।
किसानों को आलू की बेहतर कीमत मिले,ऐसा मेरी ओर से भी प्रयास रहेगा। आगरा के साथ फिरोजाबाद के किसानों को जोड़कर विपणन व्यवस्था की जाएगी। हमें उम्मीद है आलू बोने वाले किसानों को इस बार लाभ होगा।
कौशल कुमार नीरज
उप निदेशक उद्यान आगरा मंडल आगरा।