फिरोजाबाद। बिजली चोरी रोकने को विद्युत विभाग द्वारा आमर्ड केबल से कनेक्शन कराए जा रहे हैं, लेकिन ठेकेदार द्वारा केबल के नाम पर वसूली की जा रही है।
विद्युत विभाग द्वारा मंगलवार को मालवीय नगर गली नंबर एक में केबल बदलने का कार्य कराया गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पोल से मीटर की दूरी बमुश्किल आठ से दस मीटर है। जबकि ठेकेदार द्वारा 30-30 मीटर की रसीद काटी जा रही है। उपभोक्ताओं ने केबल के नाम पर 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
सीलिंग के नाम पर भी 50 से 100 रुपये तक मांगे जा रहे हैं। रुपये न देने पर ठेकेदार तार न बदलने, मीटर खुला छोड़ने की धमकी दे रहा है। विरोध करने वालों में दिनेश, कपिल, मनोज, शिवनरायन, संजय, मुन्नीदेवी, लच्छो देवी, रामवती, लाखन सिंह, करन सिंह, रामबती आदि हैं।
मालवीय नगर में केबल के नाम पर वसूली की शिकायत अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार तक पहुंच गई। उन्होंने ठेकेदार का तलब कर लिया। चेतावनी दी कि वसूली की शिकायत मिली तो कंपनी को काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाएगी। जांच सहायक अभियंता को सौंपी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से स्पष्ट कहा है कि केबल बदलने के नाम पर किसी को एक पैसा न दें।