मैनपुरी। मैनपुरी बार एसोसिएशन विवाद की सुनवाई अब एसडीएम कोर्ट में होगी। दोनों पक्षों से प्रमाणिकता संबंधी साक्ष्य मांगे गए हैं। मामले की सुनवाई के लिए 24 जनवरी की तारीख तय की गई है।
मैनपुरी बार एसोसिएशन का विवाद लंबे समय से चल रहा है। मामला डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स सोसाइटीज एंड चिट्स आगरा के यहां विचाराधीन था। डिप्टी रजिस्ट्रार ने मामले का निस्तारण करने के लिए पत्रावली एसडीएम सदर की कोर्ट में भेज दी है।
दोनों पक्षों की सुनवाई करने के बाद रिपोर्ट डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय में देने को कहा है। वर्ष 2018 के लिए बार एसोसिएशन के एक गुट के अध्यक्ष सौरभ यादव, सचिव विश्व विमोहन सिंह राजपूत जीतू चुने गए। दूसरे गुट के अध्यक्ष अजयकृष्ण पांडेय तथा सचिव पवन मिश्रा हैं।
अजय पांडेय वाले गुट ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर एसोसिएशन के दोनों हॉल, कैंटीन तथा कार्यालय सीज करके कंट्रोलर नियुक्त करने की मांग की। दोनों ही गुटों ने वर्ष 2018 की कार्यकारिणी एसडीएम कोर्ट में उपलब्ध करा दी। एसडीएम अमित कुमार ने मामले की सुनवाई के लिए 24 जनवरी की तारीख तय कर दी है।