अब घरेलू मकान, कॉमर्शियल बिल्डिंग, कालोनी बसानी हो या बहुमंजिला इमारत। सभी के लिए विकास प्राधिकरण का ऑनलाइन नक्शा पास किया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण कार्यालय तक दौड़ नहीं लगानी होगी।
फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण से भवनों के नक्शा पास किए जाते हैं। नक्शा पास कराने के लिए महीनों फाइलें कार्यालय में धूल फांकती रहती हैं। नक्शा पास करने के नाम पर अफसर सौदेबाजी करते हैं। सौदा तय होने पर नक्शा जल्द पास कर दिया जाता है, अन्यथा फाइलें विभाग में पड़ी धूल फांकती रहती हैं। शासन ने विकास प्राधिकरण अफसरों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए
ऑनलाइन नक्शा पास कराने की सुविधा दी है। मंगलवार से ऑनलाइन नक्शा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। ऑनलाइन प्रक्रिया के अंतर्गत आवेदनकर्ता का नक्शा 48 घंटे में पास करना अनिवार्य होगा। यदि विभाग ने 48 घंटे में नक्शा पास करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है तो सॉफ्टवेयर में यह भी प्रावधान है कि 48 घंटे के बाद स्वत: नक्शा पास हो जाएगा।
यह है पास कराने की प्रक्रिया
- आर्कीटेक्ट के जरिए ऑनलाइन नक्शा दाखिल कराया जाएगा
- ऑनलाइन आवेदन के बाद यह विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता के मोबाइल पर मैसेज आएगा
- संबंधित अवर अभियंता मौका मुआयना करने के बाद ऑनलाइन स्वीकृति देंगे
- इसके बाद आवेदक को ऑनलाइन ही फीस जमा करनी होगी।
- जांच पूरी होते ही 48 घंटे में नक्शा पास करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी
विकास प्राधिकरण से अभी मैनुअल नक्शा पास करने की कार्रवाई की जाती थी। शासन के निर्देश पर अब ऑनलाइन नक्शा पास करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे आवेदक का समय की बचत होगी।
अरुण शर्मा, सहायक अभियंता विकास प्राधिकरण