मैनपुरी। डीएम ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय लहरा में तीन अध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक अध्यापक, दो अनुदेशकों के गैर हाजिर मिलने पर तत्काल प्रभाव से वेतन रोकने, राजकीय हाईस्कूल लहरा के सहायक अध्यापक शैतान सिंह का चार जनवरी से लगातार अनुपस्थित होेने पर स्पष्टीकरण मांगा है।
निरीक्षण में डीएम प्रदीप कुमार ने लहरा क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय के शिक्षामित्र विनोद कुमार, दुर्गेश कुमारी, सहायक अध्यापक महावीर सिंह नौ जनवरी से, उच्च प्राथमिक विद्यालय के अनुदेशक नीरज कुमार, सर्वेश कुमार नौ जनवरी से गैर हाजिर मिले। सहायक अध्यापक प्रीतम सिंह स्कूल में नहीं मिले। उच्च प्राथमिक विद्यालय में 107 पंजीकरण के सापेक्ष मात्र 37 छात्र, प्राथमिक विद्यालय में 148 पंजीकरण के सापेक्ष 83 छात्र मिले।
विद्यालय परिसर में चारों ओर गंदगी मिली। परिसर के बीच से निकले जीर्ण शीर्ण विद्युत तार पेड़ों से टकराते मिले। बालिका शौचालय में गंदगी मिली। मुख्य गेट पर ग्रामीणों द्वारा कंडे, करब आदि रखकर कब्जा किया हुआ मिला। जूनियर हाई स्कूल के परिचारक सुनील प्रताप को परिसर की सफाई करने को कहा। निलंबन की चेतावनी दी। गांव की सफाईकर्मी उमादेवी को गंदगी पर लताड़ लगाई। प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार से सफाई कराने तथा कब्जे हटवाने को कहा।