मैनपुरी (किशनी)। यूपी के निकाय चुनावों की मतगणना शुक्रवार को होगी। चुनाव जीतने के बाद मनाए जाने वाले जश्न के लिए बनाई जा रही कच्ची शराब को पुलिस ने छापा मारकर बरामद कर लिया। मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
थाना क्षेत्र के गांव रायाहार के जंगलों में दबिश देकर पुलिस ने करीब 205 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। मौके से शराब बनाने के उपकरण मिले। भारी मात्रा में मिले लहन को भी नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी भी पकड़ा गया है, जबकि महिला सहित दो लोग भाग निकले।
थाना क्षेत्र में रायाहार के जंगल में कच्ची शराब बनाई जाती है। सूचना पर गुरुवार को थानाध्यक्ष जसवीर सिंह सिरोही ने सिपाही के साथ दबिश दी। मौके पर पुलिस को शराब की भट्ठियां धधकती मिलीं। जिन्हें पुलिसकर्मियों ने तोड़ कर नष्ट कर दिया। वहां से कच्ची शराब बनाने के उपकरण, करीब 205 लीटर कच्ची शराब, 10 किलो यूरिया भी मिला।
पुलिस को देखकर एक महिला सहित दो लोग भाग गए। जबकि एक व्यक्ति को सिपाहियों ने दबोच लिया। पूछताछ में पकडे़ गए गोपाल जाटव ने महिला का नाम मायावती उर्फ शीला और वीरू गांव रायाहार बताया। पुलिस बरामद शराब, उपकरण को थाने ले गई। गिरफ्तार किए गए युवक को जेल भेज दिया है।