राधाकुंड (मथुरा)। एनजीटी के आदेश पर एक बार फिर राधाकुंड के आसपास की द्वारिकाधाम और गुर्जर कालोनी में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। तोड़फोड़ की कार्रवाई देख एक महिला बेहोश हो गई। तोड़फोड़ को लेकर द्वारिकाधाम और गुर्जर कालोनी के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। दोपहर एक बजे एडीएम कानून व्यवस्था फोर्स और विकास प्राधिकरण की टीम के साथ द्वारकाधाम कालोनी पहुंचे। यहां जेसीबी से तीन मकान ध्वस्त कर दिए गए। सुभाषचंद्र चतुर्वेदी ने कोर्ट से स्टे ले रखा था, इनका मकान फिलहाल टूटने से बच गया। जितेंद्र शर्मा निवासी द्वारिकाधाम ने एडीएम रमेश चंद से एक सप्ताह का समय मांग लिया है। कालोनी में हरिओम, मोहन श्याम, रिंकू वकील, गुर्जर कालोनी में भरत सिंह गुर्जर का मकान ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान एक महिला मकान ढहता देख बेहोश हो गई जिसे परिवारीजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। कार्रवाई में एसडीएम डीपी सिंह, एसपी देहात आदित्य शुक्ला, विकास प्राधिकरण के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।