कासगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस के ट्विटर एकाउंट पर किसी ने सिढ़पुरा क्षेत्र के एक युवक का दोनों हाथों से तमंचा लहराते हुए फोटो पोस्ट किया है। उसकी कमर में 315 बोर के कारतूस की पेटी कमर में बंधी है और उस पेटी के साथ भी एक तमंचा लगा था। फोटो पोस्ट होते ही पुलिस महानिदेशालय में हड़कंप मच गया। तत्काल निदेशालय ने कासगंज पुलिस को कार्रवाई के निर्देश जारी किए। कासगंज पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है।
तस्वीर में दिखाया गया युवक सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव ताजपुर का बताया जा रहा है। युवक फोटो में काले रंग की टी शर्ट और जींस पहना है। किसी समय तमंचा लहराते हुए फोटो युवक ने घर की छत पर खिंचवाया है, जो वायरल हो गया। वायरल फोटो को किसी ने यूपी पुलिस के ट्विटर एकाउंट पर पोस्ट कर दिया। पुलिस महानिदेशालय ने कासगंज पुलिस को मामले में तुरंत वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस महानिदेशालय के निर्देश मिलने के बाद कासगंज पुलिस में भी हड़कंप है। पुलिस अधीक्षक ने सिढ़पुरा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश जारी किए। सिढ़पुरा के थाना प्रभारी ने बताया कि युवक को तलाशा जा रहा है, लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। शीघ्र ही युवक को गिरफ्तार किया जाएगा।