शिकोहाबाद। घर से आभूषण लेकर भागने और साली से जबरन विवाह करने की जिद पर बड़े भाई ने ही सोनू की सुपारी देकर हत्या कराई थी। पुलिस ने सोनू हत्याकांड में भाई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नसीरपुर पुलिस ने 28 सितंबर को की गई पुन्नछा निवासी सोनू (25) की हत्या का खुलासा कर दिया है। एसओ नसीरपुर केपी सिंह ने बताया कि युवक की हत्या उसके बड़े भाई संजीव जो पुलिस में सिपाही है ने सुपारी देकर कराई थी। हत्या के पीछे सोनू द्वारा घर से पांच लाख रुपये के आभूषण और नगदी लेकर भागना तथा वादी की साली से जबरन शादी करने की जिद रही।
उन्होंने बताया कि सोनू आपराधिक किस्म का व्यक्ति था। वह बड़े भाई की साली से शादी करने की जिद कर रहा था। लेकिन उसकी भाभी और उसके परिवार के लोग इसके विरोध में थे। जब सोनू की हरकतें बढ़ने लगीं तो संजीव ने उसे ठिकाने लगाने का प्लान तैयार कर लिया। दोस्तों को ही हत्या की सुपारी दी। 28 सितंबर को प्लान के मुताबिक सोनू की उरावर रोड पर लाकर तमंचे से गोली मार कर हत्या कर दी और तमंचे को वहीं फेंक कर भाग गए। एसएसआई दिनेश कुमार ने जांच पड़ताल की तो मामला खुलता चला गया।
पुलिस ने सोनू की हत्या के आरोप में संजीव पुत्र राजेंद्र निवासी पुन्नछा, सत्यवीर पुत्र रामदास निवासी नगला महाराम सिरसागंज, अजय पुत्र राज कुमार निवासी बलारपुर नसीरपुर और अशोक पुत्र रामौतार निवासी नगला नंदा थाना जसराना को पकड़ा है। पुलिस ने चारों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।