फिरोजाबाद/टूंडला। दिल्ली से आजमगढ़ जाने वाली कैफियत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री की अचानक तबियत खराब हो गई। उसे जीआरपी ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने मृतक का शव पीएम के लिए भेजा है। मृतक के बैग से दवा और पर्चे के अलावा सऊदी अरब, टर्की और पाकिस्तान की करेंसी मिली है।
जौनपुर के ताखा करियम वेस्ट शाहगंज निवासी मोहम्मद आजम 25 पुत्र अब्बास अहमद सऊदी अरब में काम करता था। रविवार देर शाम वो दिल्ली से अपने घर जौनपुर जाने के लिए कैफियत एक्सप्रेस में सवार हुआ था। ट्रेन में अचानक उसकी तबियत खराब हो गई। मोहम्मद आजम की तबियत खराब होने की सूचना टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी गई। ट्रेन के टूंडला स्टेशन पहुंचने पर यात्री को गंभीर हालत में ट्रेन से उतार कर जीआरपी ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान यात्री की देर रात मौत हो गई।
रेल यात्री की मौत के बाद उसकी शिनाख्त के लिए बैग की तलाशी ली गई तो उसके बैग से दिल्ली से शाहगंज तक का टिकट, एक पांच सौ का रियाल (सऊदी अरब), सौ का नोट सऊदी अरब, 50 पायस्टर नोट ऐविंट, पांच का नोट टर्की,, 20 रुपए पाकिस्तान के और 2320 रुपए भारतीय करेंसी मिली। मृतक के पास दो नए बैग मिले हैं।
बैग से दो मोबाइल, एक पासपोर्ट, आधार कार्ड, दो आईकार्ड, तीन कार्ड, एक पर्स के अलावा मृतक की बीमारी का पर्चा मिला है। मोहम्मद आजम को सांस की बीमारी होने का पता चला है। बैग से दवाएं भी मिली हैं। पुलिस शव पीएम के लिए भेजते हुए आधार कार्ड में लिखे पते पर परिवारीजनों को सूचना दे दी है।