मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव सिरौलिया के पांच वर्षीय बालक में डेंगू की पुष्टि हुई है। शुक्रवार की रात को झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी तबियत बिगड़ गई थी। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से चिकित्सकों ने सैफई रेफर कर दिया है।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव सिरौलिया निवासी नरेश का पांच वर्षीय पुत्र विमल को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। दन्नाहार में जब परिवारीजनों ने ब्लड टेस्ट कराया तो वहां मलेरिया होने की बात कही गई। शुक्रवार की रात घरवालों ने एक झोलाछाप से बच्चे को इंजेक्शन लगवाया।
इंजेक्शन लगते ही बच्चे की तबियत और बिगड़ गई। उसे खून की उल्टियां होने लगीं। घबराए परिवारीजन रात में ही बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। ब्लड टेस्ट कराने की सलाह दी गई। शनिवार सुबह जब जांच रिपोर्ट आई तो उसमें बच्चे को डेंगू की पुष्टि हुई।
रिपोर्ट देखते ही चिकित्सक ने बच्चे को तुरंत सैफई के लिए रेफर कर दिया। काफी देर तक परिवारीजन जिला अस्पताल के बाहर बच्चे को लेकर बैठे रहे। प्राइवेट वाहन से बच्चे को सैफई ले गए।