गंजडुंडवारा (कासगंज )।
मंगलवार की देर रात्रि गंजडुंडवारा-सुन्नगढ़ी मार्ग पर बदमाशों ने बाइक सवारों से लूट कर ली। बदमाशों ने बाइक सवारों से उनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल व अंगूठी आदि लूट ली। बाइक सवार त्रियोदशी संस्कार भोज कार्यक्रम से शामिल होकर आ रहे थे।
बदमाशों की लूट का शिकार सतीश व श्यामपाल निवासी ग्राम उसैत बदांयू हुए। ग्राम नागर खिजरपुर सुन्नगढ़ी में शेर सिंह सिंह मां का त्रियोदशी संस्कार भोज था। इसी भोज मे ंशामिल होने ग्राम उसैत से सतीश व श्यामपाल होने आए थे। वह मंगलवार की देर रात्रि बाइक से वापस जा रहे थे। रास्ते में बदमाशें ने पेड़ों के बीच रस्सा बांध रखा था, जिसे रात्रि के चलते सतीश देख नहीं सका और बाइक रस्से से टकराकर गिर गई।
बदमाशों ने बाइक सवारों को घेर लिया। उन्होंने तमंचा दिखाते हुए सतीश के पास से आठ हजार रुपये की नकदी व श्यामपाल से 11 हजार रुपये की नकदी छीन ली। बदमाशों ने उनके मोबाइल व सोने की तीन अंगूठी भी छीन ली और मौके से फरार हो गए। दोनों ने यूपी 100 सेवा को कॉल की, लेकिन बिजी टोन ही बजती रहीं। इसके बाद पीड़ित थाना पहुंचे और घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी का कहना है कि अभी तहरीर उन्हें नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।