मांट/राया (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे शुक्रवार को अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर पलटने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। पिता-पुत्र समेत चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि चालक की हास्पिटल में उपचार के दौरान मौत हुई। हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
दुर्घटना शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे थाना महावन क्षेत्र में सिहोरा पुल के समीप हुई। ईको स्पोर्ट्स कार में पांच लोग गुरुवार की शाम को पंजाब के लुधियाना से मध्य प्रदेश के गुना के लिए निकले थे। सिहोरा पुल के पास चालक को झपकी आई और उसने कार से नियंत्रण खो दिया। कार डिवाइडर से टकराई और दो से तीन बार लुढ़कने के बाद पलट गई।
पुलिस के मुताबिक कार सवार लुधियाना के गिल चौक थाना विश्वकर्मा निवासी प्रेमप्रकाश (42) पुत्र ओमप्रकाश, जनता नगर थाना विश्वकर्मा निवासी रविंद्र (45) पुत्र विजय और उनका पुत्र सारांश (17), थाना विश्वकर्मा क्षेत्र निवासी यादव (25) पुत्र गोपाल पतनेजा की मौके पर ही मौत हो गई। चालक चंद्रवीर सिंह (37) पुत्र सुखवीर पाल सिंह की सांस चल रही थी लिहाजा पुलिस एंबुलेंस में डालकर उनको अस्पताल ले गई। पुलिस के अनुसार चालक ने बताया कि उनको झपकी आने से कार से नियंत्रण नहीं रहा था।
अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चंद्रवीर सिंह लुधियाना में ही मंजीत नगर, थाना विश्वकर्मा के रहने वाले थे। देर शाम तक परिवार के लोग मथुरा पहुंच गए और शवों को ले गए। बताया जाता है कि हादसे में मृतक सभी कारोबारी थे।