आगरा। माध्यमिक विद्यालयों के जिलास्तरीय प्रतियोगिता की शुरुआत तमाशा बनकर रह गई। जिले में कुल 902 विद्यालय हैं जबकि सुब्रतो कप प्रतियोगिता में केवल दो विद्यालयों की ही टीमें खेलने पहुंचीं। दोनों विद्यालयों की टीमों ने अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में आपस में ही सीधे फाइनल मुकाबले खेल कर औपचारिकता निभाई। हालांकि पहले दिन खेल विभाग से जुड़े अधिकारी और शिक्षक अंतिम समय तक फजीहत से बचने के लिए अन्य टीमों का इंतजार करते रहे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से खेलकूद का कैलेंडर जारी करने के दौरान प्रतियोगिता की सफलता को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे। पहले ही दिन प्रतियोगिता की शर्मनाक शुरुआत का शाम सात बजे तक जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार को पता ही नहीं था। उनका कहना था कि खेरागढ़ किसी काम से गए हैं। इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। बात करने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।
माध्यमिक विद्यालयीय जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं के मैच एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराने का फैसला लिया गया था। स्टेडियम में घास भी नहीं कटी। स्टेडियम के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुनील चंद्र जोशी का कहना है कि बारिश के कारण मैदान में घास की पूरी कटाई नहीं हो सकी।
स्टेडियम में अंडर-14 सुब्रतो कप में राजकीय इंटर कॉलेज ने एमडी जैन इंटर कॉलेज को सीधे फाइनल मुकाबले में 5-0 से पराजित कर प्रतियोगिता जीत ली। अंडर-17 वर्ग में भी राजकीय इंटर कॉलेज ने एमडी जैन इंटर कालेज को 2-0 से पराजित कर जिला स्तरीय सुब्रतो कप अपने नाम किया।
शिक्षा विभाग के कई शिक्षक माध्यमिक जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की शर्मनाक शुरुआत के खुद गवाह बने। प्रतियोगिता के संयोजक कमल किशोर लाल, मंडलीय क्रीड़ा सचिव अशोक बघेल, विमल शर्मा, रीनेश मित्तल, अमित शर्मा, अनिल कुमार, कुलदीप लाल, मुरारी सिंह, प्रवीन कुमार, एनके बिंदू, योगेश कुमार मैच के दौरान मौजूद रहे।
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा का कहना है कि इस संबंध में विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। कहां चूक हुई, इसकी जांच कराई जाएगी।