विश्वप्रसिद्ध स्मारक ताजमहल और उसके आसपास के सुरक्षा घेरे को अधिक अभेद्य और आधुनिक बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। विश्व धरोहर ताजमहल के 500 मीटर के परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 90 अत्याधुनिक सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इस महत्वाकांक्षी सुरक्षा परियोजना के लिए 2.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। काम को छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कैमरों की इस नई और उच्च स्तरीय सर्विलांस प्रणाली के स्थापित होने से ताजमहल के आसपास चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा सकेगी। ये हाई-डेफिनिशन कैमरे 500 मीटर के पूरे बफर जोन, प्रमुख रास्तों, प्रवेश द्वारों और आसपास की संवेदनशील गतिविधियों को सीधे कंट्रोल रूम से जोड़ेंगे। इससे न केवल अवांछनीय तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगेगी, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में बड़ी मदद मिलेगी।
इस परियोजना के पूरा होने से आगरा आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुगमता में सुधार होगा। कैमरों की निगरानी व्यवस्था बेहतर होने से पर्यटक स्थलों पर होने वाली लपकागिरी, अतिक्रमण और ट्रैफ़िक अव्यवस्था जैसी समस्याओं पर भी प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकेगा। मुख्य अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द कैमरे लगाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
ताज पर बिगड़ी महिला पर्यटक की तबीयत
राजस्थान के जयपुर से परिवार के साथ रविवार को ताजमहल का दीदार करने आई टीना गुर्जर की तबीयत अचानक खराब हो गई। रॉयल गेट के समीप अचानक बीपी (ब्लड प्रेशर) कम होने से वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजन ने सुरक्षाकर्मियों की मदद से उन्हें ताज स्थित डिस्पेंसरी पहुंचाया। वहां उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया।