पटियाली (कासगंजे)। सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में एक सिरफिरे ने गुस्से में अपने ही आशियाने में आग लगा ली। आग से घर का सामान जलकर राख हो गया।वह अपनी पत्नी के घर पर न होने से गुस्से में था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
नगला डामर निवासी प्रमोद पुत्र रामनाथ रविवार रात घर पहुंचा तो उसकी पत्नी मुन्नी घर पर नहीं थी। जानकारी करने पर उसे पता चला कि पत्नी पड़ोस में बातचीत कर रही थी। इससे आक्रोशित प्रमोद ने केरोसिन अपनी ही झोंपड़ी पर डाल दिया और माचिस की तीली जलाकर झोंपड़ी को आग के हवाले कर दिया। झोंपड़ी से आग की लपटें उठती देखकर मुन्नी ने चीखपुकार मचाई। चीखपुकार की आवाज सुनकर मौके पर एकत्रित लोगों ने आग पर काबू पाया। हालांकि आग से कपड़ा, बिस्तर, गेहूं, सरसों, बर्तन आदि गृहस्थी का सामान जल गया। कुछ देर बाद प्रमोद लौटकर पहुंचा और पत्नी को देखकर फिर आक्रोशित हो गया। उसने पत्नी मुन्नी को भी जलाने की कोशिश की। इस पर मुन्नी ने स्वयं को बचाया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।