कोसीकलां (मथुरा)। सरकार द्वारा गरीबों के लिए गांव अजीजपुर में बनवाए गए आवासों को कथित चौकीदार ने किराए पर उठा दिए। 143 फ्लैटों को उसने अलग-अलग रकम लेकर किराए पर दे रखा था।
डूडा अधिकारियों की जांच में मामला सामने आने के बाद बुधवार को एसडीएम वरुण कुमार पांडेय ने मौके का निरीक्षण किया। जहां किराएदारी की बात सामने आई। उन्होंने डूडा अधिकारियों को कथित चौकीदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और अवैध रूप से रह रहे लोगों से फ्लैट खाली कराने के निर्देश दिए।
अमर उजाला में 24 दिसंबर के अंक में ‘डूडा से साठगांठ कर दलाल कर रहे है आवंटन’ की खबर प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद बुधवार को डूडा परियोजना निदेशक सतीश कुमार सिंह वहां जांच के लिए पहुंचे। फ्लैट खचाखच भरे हुए थे।
जिससे भी पूछा सभी ने किराए पर लेने की बात कही। लोगों ने बताया कि चौकीदार ने एक-एक साल का एडवांस तक ले रखा है। इसके लिए किसी से 30 हजार तो किसी से 50 हजार रुपये तक लिए गए थे।
इसकी जानकारी एसडीएम वरुण कुमार पांडेय से की तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूरा मामला समझा। लोगों ने बताया कि उनसे एडवांस किराया वसूला गया है। एसडीएम ने डूडा अधिकारियों से फर्जी चौकीदार करन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट कराए जाने के निर्देश दिए हैं।