फिरोजाबाद/टूंडला। टूंडला थाना क्षेत्र में मोहम्मदाबाद के पास ओवर ब्रिज पर ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस तीनों के शव जिला अस्पताल लेकर आयी है। चालक ट्रक को भगा ले गया।
आगरा के एत्मादपुर की तरफ से पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक टूंडला किसी शादी समारोह में आ रहे थे। रात करीब सवा नौ बजे ओवर ब्रिज पर मोहम्मदाबाद के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान ट्रक चालक के कट मारने से बाइक असंतुलित होकर गिर गई। तीनों लोगों के ऊपर से ट्रक निकल गया।
तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को भगा ले गया। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों के शव को जिला अस्पताल लेकर आयी। यहां तीनों लोगों की शिनाख्त कर ली गई।
मृतकों में एक की शिनाख्त डेविड (26) पुत्र मुन्ना लाल और दूसरे की शिनाख्त रोहित (17) पुत्र विश्नू निवासी भाऊपुर एत्मादपुर के रूप में की गई। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई हैं। रोहित 11 वीं कक्षा का छात्र था। काफी देर बाद तीसरे की शिनाख्त विजय (21) पुत्र रामवीर निवासी भाऊपुर एत्मादपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने डेविड की जेब में मिले मोबाइल फोन निकाल कर परिवारीजनों को जानकारी दी। रात को परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल में चीख पुकार मच गई। डेविड के पिता की भी छह माह पूर्व हादसे का शिकार हो गए थे। थाना प्रभारी टूंडला बीडी पांडेय ने बताया कि तीनों के शव पोस्टमार्टमगृह में रखवा दिए गए हैं।