आलीपुर खेड़ा/भोगांव। छाछा तिराहा के पास बुधवार की दोपहर बाइक सवार पिता पुत्र तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई। वहीं उसके पिता और भाई घायल हो गए।
मृतक जनपद एटा के अलीगंज क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव पहरइया निवासी नरेश राजपूत का 17 वर्षीय पुत्र अखिलेश इंटर पास करने के बाद बीएससी कर रहा था।
बुधवार को वह पिता नरेश के साथ मैनपुरी स्थित एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे 12 वर्षीय भाई अभिषेक को लेने आया था। दोपहर करीब एक बजे तीनों बाइक पर बैठकर वापस अलीगंज जा रहे थे।
थाना भोगांव क्षेत्र में बाइक जब छाछा तिराहा के पास पहुंची तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे मेें अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिता नरेश व भाई अभिषेक घायल हो गए।
जिन्हें सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की जानकारी होने के बाद परिजन जिला अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।