गोवर्धन (मथुरा)। तहसील गोवर्धन के गांव पलसों के ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसीलदार का घेराव किया। आक्रोशित ग्रामीण बरसात में नष्ट फसल होने से मुआवजे की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि खेत के अलावा गांव के हर रास्ते पर भरा है। ग्रामीणों की हालत खराब हो रही है।
गांव पलसों में बरसात के कारण जलभराव होने से फसल प्रभावित हो गई है। किसानों का कहना है कि फसल नष्ट हो गई है। इसे लेकर ग्रामीणों ने तहसीलदार उमेश शुक्ला का घेराव कर नारेबाजी की। ग्रामीण ओम प्रकाश ने बताया कि बरसात के पानी से हजारों एकड़ की फसल जलमग्न हो चुकी है। पशुओं का चारा तक नहीं बचा है। गांव के हर रास्ते पर पानी भरा है। अधिकारी ध्यान ही नहीं दे रहे हैं।
उधर, एसडीएम ने फोन पर ग्रामीणों को तहसीलदार को भेजकर नुकसान का आकलन कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण वापस लौट गए। तदोपरांत तहसीलदार ने पलसों जाकर स्थिति का जायजा लिया।
तहसीलदार उमेश शुक्ला ने बताया कि गांव पलसों के किसानों की करीब एक हजार एकड़ से ज्यादा फसल नष्ट हो चुकी है। जल्द बरसात के पानी को भरतपुर फीडर के माध्यम से निकाला जाएगा। इस दौरान जयदेव प्रधान, कैलाश शर्मा, नंदकिशोर शर्मा, मदन मोहन, राधे लाल, केशव देव, देवकीनंदन, योगेश शर्मा, सत्य देव, लखन व्यास, रमाकांतए ब्रज किशोर आदि मौजूद रहे।