फिरोजाबाद। रामगढ़ थाना क्षेत्र के अब्बासनगर में दीवार गिरने से वहां खेल रही तीन वर्षीय बालिका की मलबे में दबने से मौत हो गई। बालिका की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दोपहर बाद धूप निकली तो उमस भरी गर्मी ने बेहाल कर दिया। मौसम खुलने से किसान बाजरा की फसल बुवाई की तैयारी करते दिखाई दिए।
पिछले तीन दिनों से बारिश हो रही है। शुक्रवार रात आसमान में छाई काली घटाएं शनिवार सुबह से बरसने लगीं। बारिश होने से निचले इलाकों में पानी भर गया। थाना जसराना के कस्बा पाढ़म एवं हाल निवासी रामगढ़ के अब्बासनगर निवासी गुड्डू उर्फ हनीफ कोहिनूर रोड निवासी अलीम के मकान में किराए पर रहता है। बारिश के दौरान मकान की दीवार अचानक गिरने से वहां खेल रही गुड्डू की तीन वर्षीय बालिका सारिका मलबे में दब गई।
बालिका को बाहर निकालने के बाद परिजन ट्रामा सेंटर ले गए। जहां चिकित्सक ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटनास्थल पर लेखपाल ने पहुंचकर जांच की। इधर बारिश थमने के बाद धूप निकली तो उमस से लोगों का हाल-बेहाल रहा। राहत पाने के लिए लोग कूलर एवं पंखों की तलाश करते रहे। मौसम खुलने से सबसे अधिक किसानों ने राहत महसूस की। किसान मौसम खुलने के साथ बाजरा की फसल की बुवाई करने की तैयारी में जुटे हैं।