मथुरा। ट्रकों के अनिश्चितकालीन चक्का जाम का असर रेलवे पर भी पड़ रहा है। खाद और सीमेंट लेकर पहुंची रेलवे की रैक से माल का उतार नहीं हो पा रहा है। रैक से माल उतारने पहुंचे ट्रकों की यूनियन के लोगों ने हवा निकाल दी।
विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार से ट्रक यूनियन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ने जा रहा है। हड़ताल से रेलवे के माल उतार पर भी पड़ रहा है। रेलवे गोदाम में खाद और सीमेंट की रैक आई हुई हैं। जिसे विभिन्न गोदामों पर ट्रकों के माध्यम से पहुंचाया जाना है।
शुक्रवार को कई चालक ट्रक लेकर रेलवे माल गोदाम पर पहुंच गए। इसका पता ट्रक आपरेटर्स यूनियन वालों को चल गया। वह रेलवे माल गोदाम पहुंच गए और खाद व सीमेंट का लदान करने वाले ट्रकों की हवा निकाल दी। हड़ताली ट्रक संचालकों ने मालगोदाम पर नारेबाजी भी की।