सौंख (मथुरा)। पुलिस के साथ सौंख पहुंची खाद्य विभाग की टीम को देख दुकानों को बंद करके दुकानदार भाग खडे़ हुए। बाजार में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते बाजार बंद हो गया। इस स्थिति में पुलिस ने एक दुकानदार को घर से लाकर मिठाइयों के नमूने लिए।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर सौंख की सब्जी मंडी स्थित महेश मिष्ठान भंडार को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद दुकान पर मौजूद मिठाइयों के नमूने लेने पुलिस बस के साथ गई खाद्य विभाग की टीम को देखकर दुकानदार भाग खड़ा हुआ। इसके बाद तो और दुकानदार भी भाग गए। बाजार बंद हो गया।
इस स्थिति दुकान को सीज करने की प्रक्रिया शुरू हुई। साथ ही पुलिस दुकानदार के घर पर भी पहुंच गई। इस स्थिति को देख दुकानदार दुकान पर पहुंच गया। उसने फिर से दुकान को खोल दिया। इस पर दुकान में मौजूद लड्डू और पेड़ा के नमूने लिए गए। टीम में खाद्य सुरक्षाधिकारी नीरद पांडेय, अरविंद कुमार, मुकेश कुमार, नंदकिशोर भी शामिल रहे।