मथुरा। धौलीप्याऊ के जय श्रीकृष्ण गेस्ट हाउस में देह व्यापार में पकड़े गए छह लोगों को जेल भेज दिया गया। फरार मास्टरमाइंड की तलाश में कोतवाली पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। देह व्यापार में धकेली गई किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। बुधवार को किशोरी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
असम की किशोरी को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली से एटीवी के पीछे का रहने वाला जीतू मथुरा ले आया था। यहां लाकर उसे देह व्यापार में धकेल दिया। धौलीप्याऊ के जयश्री कृष्ण गेस्ट हाऊस में छापा मारकर कोतवाली पुलिस ने छह लोगों को पकड़ा था। मंगलवार को पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप सिंह ने बताया कि किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। बयान किशोरी के दर्ज कर लिए गए हैं। बुधवार को कोर्ट में किशोरी के 164 के बयान कराए जाएंगे। कोर्ट के निर्णय के बाद किशोरी को असम या फिर नारी निकेतन भेजा जा सकता है। फिलहाल किशोरी कोतवाली में महिला कांस्टेबलों की सुरक्षा में है।