सहावर(कासगंज)। हंसनगर में शनिवार देर रात बदमाशों की आहट होने पर लोगों ने फायरिंग कर बदमाशों को दौड़ा दिया। लाठी, डंडो से लैस होकर कस्बे के लोग बदमाशों का पीछा करने के लिए खेतों की ओर निकल पड़े। सूचना पर डीआईजी, एएसपी सहित पुलिस फोर्स और पीएसी ने देर रात तक बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
कस्बे के हंस नगर में शनिवार देर रात बदमाशों की आहट सुनाई दी। इस पर लोगों ने शोर मचा दिया और कुछ लोगों ने लाइसेंसी हथियारों से फायर भी किया। जवाब में बदमाशों ने भी फायरिंग की। लोग लाठी डंडे लेकर घरों से निकले और बदमाशों के पीछे खेतों पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मक्का के एक खेत में बदमाशों के छिपे होने की आशंका के मद्देनजर लोगों ने खेत की घेराबंदी कर ली।
सूचना पर डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव, एएसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी, कई थानों का पुलिसबल और पीएसी मौक पर पहुंच गई। लोगों के साथ पुलिस ने पूरे इलाके में काफी देर तक कांबिंग की, लेकिन कोई बदमाश हाथ नहीं लग सका। बदमाशों की आहट के कारण कस्बे के लोग दहशत में रहे। लोग अपने अपने घरों में सुरक्षा को लेकर भी सतर्क हुए।
डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लोगों को बदमाशों के आने की आशंका हुई। इस आशंका पर फायरिंग की गई। लोग भी घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक कांबिंग कराई गई, लेकिन कोई बदमाश हाथ नहीं लग सका।