एक साथ जन्मी तीन बच्चियों की देखभाल कर रहा स्वास्थ्य विभाग
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। भरगैन में 35 दिन पूूर्व एक महिला द्वारा एक साथ जन्मी तीन बच्चियों को जन्म देने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग उन्हें पोषित कर रहा है। तीनों बच्चियों को जिला चिकित्सालय के एनआरसी में रखा गया है। यहां उनका डाइटीशियन की देखरेख में ध्यान रखा जा रहा है।
भरगैन निवासी रूबी पत्नी मशर अली ने 29 मार्च को एक साथ तीन बच्चियों को जन्म दिया था। एक साथ तीन बच्चियों के जन्म होने से मां को उनके लालन पालन में दिक्कत हो रही थी। बच्चियों को मां का पर्याप्त दूध नहीं मिल पा रहा था। इससे वे कुपोषण का शिकार हो गई। जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस भेजकर मां और तीनों बच्चियों को जिला चिकित्सालय पर संचालित एनआरसी में भर्ती कराया। एनआरसी में नियुक्त डाइटीशियन की देखरेख में बच्चियों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। डिप्टी सीएमओ डा. अविनाश ने कहा कि बच्चे के लिए छह माह तक मां का दूध आवश्यक होता है, लेकिन एक साथ जन्मी तीन बच्चियों का पालन करने में मां को असुविधा हो रही थी। मां का दूध न मिल पाने से वे कुपोषण का शिकार हो गई। अब विभाग इन बच्चियों के स्वास्थ्य की देखभाल कर रहा है।