प्रभारी मंत्री ने विद्यालय को मोहल्ला खेड़ा संबद्ध करने पर बीएसए को लगाई फटकार
जिला योजना की बैठक में सदस्य ने रखी क्षेत्रीय समस्याएं
अमर उजाला ब्यूरो
शिकोहाबाद।
जिला योजना की प्रथम बैठक प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें नगर पालिका शिकोहाबाद से चयनित सदस्य देव यादव ने नगर का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षेत्रीय समस्याओं पर प्रभारी मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
जिला योजना समिति के सदस्य व सभासद देव यादव ने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रभारी मंत्री के समक्ष नगर में व्याप्त समस्याओं को रखा। सर्वप्रथम नगर में संचालित सौ सैया अस्पताल में एक भी डॉक्टर नहीं है। महिला डाक्टर के अभाव में प्रसूताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अस्पताल में शीघ्र डॉक्टरों की कमी को दूर किया जाये। नगला किला में संचालित प्राथमिक विद्यालय संचालित था, जिसे खेड़ा मोहल्ला स्थिति विद्यालय से संबंध कर दिया है। जिससे छोटे-छोटे बच्चे हाईवे को पार कर स्कूल नहीं जा पाते हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने बीएसए को तलब कर उन्हें फटकार लगाई और शीघ्र ही नगला किला विद्यालय को शुरू कराने के निर्देश दिए। स्टेशन रोड पर नहरपुल संकरा होने के कारण आए दिन यहां जाम लगा रहता है। पुल का चौड़ीकरण कराया जाए। इस पर जिलाधिकारी ने पुल के चौड़ीकरण की संस्तुति और प्रस्ताव भेजे जाने की बात कही। मलिखानपुर रोड से तरामई तक तीन किलो मीटर की कच्ची सड़क है। जिसका निर्माण न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर में गरीब लोगों को सस्ता पानी मुहैया कराने के लिए वाटर एटीएम लगवाया जाये। प्रभारी मंत्री ने सभी समस्याओं को गौर से सुना और उन पर शीघ्र अमल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।