फिरोजाबाद। थाना लाइनपार के आलमपुर जारखी के समीप रेलवे लाइन के किनारे घायलावस्था में मिले छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को वापस जिला अस्पताल लाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।
थाना उत्तर रेहना परशुराम कालोनी निवासी शिवम (17) पुत्र विनीत कुमार शर्मा शुक्रवार की शाम को थाना लाइनपार के आलमपुर जारखी के समीप रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला था। उसके सिर में गंभीर चोट थी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल लाए पर हालत गंभीर होने के कारण उसको आगरा रेफर कर दिया था।
आगरा में उपचार के दौरान शिवम की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को जिला अस्पताल लाए। उधर, बेटे की हत्या किए जाने की बात कह रहे मृतक शिवम के पिता विनीत कुमार शर्मा ने बताया कि बेटे ने आगरा के गिरेंद्र सिंह इंटर कालेज से इंटरमीडिएट के पेपर दिए थे।
शुक्रवार सुबह सात बजे घर से कोचिंग की जाने की कहकर बाइक से निकला था। इसके बाद नहीं लौटा। शाम को उसके घायलावस्था में रेलवे लाइन के किनारे पड़े होने की सूचना मिली थी। पिता का कहना है कि उसका मोबाइल फोन बिना सिम के उसका दोस्त तिलक नगर स्थित कोचिंग सेंटर पर दे गया है।
सेंटर पर तैनात महिला का कहना है कि वह बिना सिम के उसको मोबाइल दे गया है। पुलिस ने मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। मृतक के पिता विनीत शर्मा मूलरूप से तो गांव जलालपुर शेरपुर के निवासी है। गांव में कपड़े की छोटी दुकान संचालित करते हैं। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार पचौरी सहित काफी लोग पहुंचे।