फिरोजाबाद/जसराना। थाना क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद चौराहे पर मंगलवार देर रात टूटे तार से निकली चिंगारी से लकड़ी के खोखों में आग लग गई। जब तक फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची खोखों में रखा लाखों का सामान जल कर राख हो चुका था। ग्रामीणों ने शासन एवं प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
जसराना के गांव मुस्तफाबाद चौराहे पर खोखा लगाकर विजय गिरी हलवाई, रफीक खां कॉस्मेटिक एवं कैंटीन, साहबुद्दीन कॉस्मेटिक एवं गारमेंटस, खलील कटिंग की दुकान करता था। दुकानों के ऊपर से जा रहे एचटी लाइन का जरजर तार देर रात टूटकर दुकानों पर जा गिरा और चिंगारी से लकड़ी के खोखोें में आग लग गई। आग की सूचना पर ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड को सूचना देकर खुद आग बुझाना शुरु कर दिया। जब तक दमकल पहुंची तब तक लाखों रुपए का माल जलकर राख हो चुका था।
ग्रामीणों की मानें तो विभाग के अधिकारियों एवं कमर्चारियों से कई बार जरजर तार बदलने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दुकानदारों की माने तो करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान मनोज यादव, सलीम, उपेंद्र, साबुद्दीन, लल्ला, रफीक, यशवीर, लकी, रामपाल यादव, छोटू, साहिद, बबलू, काका कुरैशी, शरीफ, बीटू, गोविंद प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।