मथुरा। एक सप्ताह से लगातार छाने वाली कोहरे की धुंध ने रेल यातायात को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। सुबह की ट्रेनें शाम को पहुंच रही हैं। एक सप्ताह पूर्व से लगातार रात और सुबह 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहता है। इससे कोटा से पटना जाने वाली कोटा पटना एक्सप्रेस व आगरा से निजामुद्दीन जाने वाली आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस को रेल अफसरों ने रद्द कर दिया।
इसके साथ ही अमृतसर से नांदेड़ जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस 19 घंटे देरी से चली, वहीं डाउन रूट की सचखंड एक्सप्रेस 13 घटे देरी से चली। इलाहाबाद से जयपुर जाने वाली जयपुर एक्सप्रेस 10 घंटे, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 11 घंटे, अप रूट की उत्कल एक्सप्रेस आठ घंटे, महाकौशल एक्सप्रेस सात घंटे, मंगला एक्सप्रेस छह घंटे, कामाख्या एक्सप्रेस पांच घंटे, झेलम एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से चली। ट्रेन देरी से चलने पर यात्री खासे परेशान रहे।
रूंधी से पलवल तक डीआरएम ने किया चौथी लाइन का निरीक्षण
मथुरा। मथुरा से पलवल पर बनने वाली चौथी रेलवे लाइन का रूंधी से पलवल तक डीआरएम रंजन यादव ने विंडो निरीक्षण किया। इसके लिए डीआरएम रंजन यादव सुबह 9:42 बजे मथुरा जंक्शन से गुजरे। रूंधी स्टेशन से पलवल तक बिछाई जा रही चौथी लाइन पर जगह जगह गाड़ी रोक कर निरीक्षण किया।