कोसीकलां (मथुरा)। गोल्डन क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित 32वीं अंतर्राज्यीय कोसी आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में सहवाग एकेडमी झज्जर ने रेलवे आगरा को 31 रन से हराकर सेमी फाइनल में प्रवेश कर लिया।
शनिवार को हिंदू इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित मैच का कालेज के प्रधानाचार्य हेमंत कुमार ने टॉस किया। झज्जर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 25 ओवर में झज्जर की टीम 171 रन बनाकर आउट हो गई, जिसमें ऋषिपाल ने 27 गेंदों का सामना करते हुए 23 रन तथा योगी ने 10 गेंदों का सामना कर शानदार 21 रन बनाए।
आगरा की ओर से जयवीर ने 26 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि तीन बल्लेबाज रन आउट हो गए। जवाब में आगरा की अच्छी शुरुआत रही। आगरा की टीम ने 11 ओवर में 70 रन बनाने के बाद उसका कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर तक नहीं पाया।
पूरी टीम 23 ओवर पांच गेंदों में 140 रन बनाकर आउट हो गई। अंपायरिंग अप्पू खान, रोहताश, कमेंट्री कुलदीप, मोहन मास्टर, स्कोरिंग रामवीर सिंह ने की। गोल्डन क्लब के प्रबंधक वीरेंद्र सिंह एडवोकेट के अनुसार रविवार को एसपीएस एकेडमी कोसीकलां मथुरा एवं विजय यादव एकेडमी फरीदाबाद के मध्य तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा।