फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। नसीरपुर थाना अंतर्गत बीती रात गुढ़ा गांव के समीप अवैध शराब से भरा ट्रक पहुंचा। यहां से ट्रक से मैजिक वाहन में भर कर शराब की पेटियां सप्लाई हो रहीं थीं। लेकिन रात में मैजिक देख ग्रामीणों ने पशु चोर समझ कर शोर मचाते हुए फायरिंग कर दी। इसके चलते मैजिक और ट्रक सवार लोग वाहन छोड़ कर भाग गए और ग्रामीणों ने गाड़ी में भरी अवैध शराब लूट ली।
रात गुढ़ा गांव में हरियाणा मार्का तस्करी की अवैध शराब से भरा ट्रक पहुंचा। तस्कर ट्रक से शराब को मैजिक द्वारा एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचा रहे थे। रात में वाहनों के आवागमन से ग्रामीणों में दहशत में आए गए। पशु चोर समझ कर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्रामीण लाठी, डंडा तथा असलाह लेकर दौड़ने लगे। ग्रामीणों को देख मैजिक और ट्रक पर सवार लोग भागने लगे।
इस पर ग्रामीणों ने बदमाश समझ कर फायरिंग कर दी। जब ग्रामीण वाहनों तक पहुंचे तो उसमें अवैध शराब की पेटियां देख लूट ले गए। देखते ही देखते अवैध शराब से भरे दोनो वाहन खाली हो गए। प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया शनिवार रात ग्रामीणों ने पशु चोरों की आहट पर फायरिंग की थी। चर्चा है कि ग्रामीणों ने अवैध शराब लूट ली। जब पुलिस पहुंची तो वहां कुछ नहीं मिला। मामले की जांच की जा रही है।