फिरोजाबाद। नगर निगम में संडे को भी मतदाता पर्ची लेने के लिए बीएलओ की भीड़ रही। दूसरे वार्ड की मतदाता पर्ची देने पर बीएलओ और कर्मचारियों में कहासुनी हो गई। समझाने के बाद बमुश्किल बीएलओ मतदाता पर्ची लेने को तैयार हुए।
जनपद में 29 नवंबर को नगर निगम के साथ नगर पालिका और नगर पंचायतों में मतदान होगा। नगर निगम का पहली बार चुनाव होने जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र में जहां ईवीएम से मतदान होगा, वहीं नगर पालिका और नगर पंचायतों बैलेट पेपर से वोट डाले जाएंगे। मतदाताओं को वोट डालने में दिक्कत न हो, इसके लिए आयोग ने घर-घर मतदाता पर्ची पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के निर्देश पर नगर निगम शनिवार से वोटर पर्ची बीएलओ को बांट रहा है। रविवार को भी नगर निगम कार्यालय खुला रहा। नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार दिनभर चुनाव कार्य निपटाते रहे। वहीं मतदाता पर्ची लेने के लिए सुबह से शाम तक बीएलओ की भीड़ रही। दूसरे बूथ की वोटर पर्ची देने पर बीएलओ में असंतोष दिखाई दिए। लेकिन ुनावी कार्य होने के कारण समझाने पर बीएलओ मतदाता पर्ची ले गए। रविवार की शाम तक 439 में से 241 बूथों के बस्ते बीएलओ को वितरित हो चुके थे।