मथुरा। विद्युत निगम ने मृतक के खिलाफ ही विद्युत चोरी का मुकद्दमा दर्ज करा डाला। नौहझील के गांव पारसौली के ग्रामीणों में नाराजगी है। विद्युत निगम के अफसरों की लापरवाही उजागर हुई तो टीम गांव में दौड़ी। समझा-बुझाकर का मामला शांत कराया। विद्युत अफसर अब इस मुकद्दमें में एफआर लगाने का दावा कर रहे हैं।
बाजना उपकेंद्र केे अवर अभियंता सचिन कुमार ने 19 नवंबर को थाना नौहझील में गांव पारसौली के नौरंग पुत्र रघुवीर के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकद्दमा दर्ज कराया। ग्रामीणों को इसकी भनक लगी तो वह भी अचंभित हो गए। जिस ग्रामीण के खिलाफ चोरी का मुकद्दमा दर्ज कराया गया था वह पांच साल पहले ही मर चुका है।
ग्रामीणों ने विद्युत निगम के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। विद्युत निगम के अफसरों की खामियां दबाने के लिए विद्युत टीम गांव पारसौली पहुंची। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर गलती को सुधारने की बात कही। अवर अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि मृतक के खिलाफ विद्युत चोरी के मुकद्दमें में एफआर लगवाई जाएगी। यह प्रक्रिया जल्द पूरी कराएंगे।