फिरोजाबाद। मंडलायुक्त आगरा ने जिले के 195 डिग्री कॉलेजों में पांच बिंदुओं आधारित जांच रिपोर्ट मांगी है। डीएम नेहा शर्मा ने जांच के लिए अधिकारियों की टीम गठित की है। जांच के दौरान छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले छात्रों द्वारा दाखिल किए गए आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र जांच के मुख्य बिंदु हैं।
मंडलायुक्त आगरा मंडल के राममोहन राव द्वारा जिले में संचालित निजी एवं एडेड कॉलेज में पांच बिंदुओं पर जांच के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त जारी निर्देशों के तहत महाविद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2017-18 के अध्ययनरत छात्रों की एक जुलाई से लेकर वर्तमान तिथि तक की उपस्थिति, कॉलेज कैंपस में उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, निजी कॉलेज में अध्यापन कार्य कराने वाले शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता और उनके शिक्षा प्रशिक्षण संबंधी मानकों के अतिरिक्त छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों की जांच कराई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक जांच के दायरे में ली गई 195 शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत लगभग साठ हजार छात्र-छात्राओं के पूर्व में उत्तीर्ण की गई परीक्षाओं के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की भी स्क्रीनिंग कराई जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञाशंकर तिवारी के अनुसार डीएम ने इस संबंध में जांच के लिए एसडीएम, जिला स्तरीय एवं विभागीय अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है।