मथुरा। दिल्ली व एनसीआर से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी कर ट्रेनों से सामान मथुरा व आगरा को ढोया जा रहा है। आरपीएफ और जीआरपी वाले सब कुछ जानकर भी अनजान हैं। त्योहारों पर माल की ढुलाई बढ़ गई है।
दिल्ली और एनसीआर में गैर पंजीकृत व पंजीकृत उद्यमाें में बने कपड़े, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स आइटम, सजावटी सामान, आटो पार्ट्स, मेवा, गिफ्ट का सामान और अन्य सामान बड़ी संख्या में ट्रेनों से लाया जा रहा है। सबसे ज्यादा सामान की ढुलाई दिल्ली के शकूरबस्ती व गाजियाबाद से मथुरा आने वाली शटल ट्रेन व मथुरा आगरा होकर गुजरने वाली ट्रेन के जनरल कोच से हो रही है। कैरियर ने आरपीएफ, जीआरपी से सेटिंग कर सामान उतारने के लिए कोसीकलां, मथुरा में भूतेश्वर स्टेशन को ठिकाना बना रखा है। जीआरपी प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि भूतेश्वर स्टेशन पर कुछ गड़बड़ी की सूचना मिली है। स्टाफ को बदला जा रहा है और मामला दिखवाया जा रहा है।