मैनपुरी। जीएसटी लागू होने के बाद बाइकों की कीमतों में गिरावट आई है। इससे त्योहारी सीजन में ग्राहकों की खरीदारी में तेजी आई है। बाइक खरीदने के लिए लोग एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। आटोमोबाइल उद्योग में अब जीएसटी ने जान भर दी है। वहीं, बाइक का बीमा महंगा हो गया है।
जीएसटी लागू होने के बाद बाइकों की कीमतों में काफी गिरावट आई है। इसके चलते बाइकों की बिक्री बढ़ने लगी है। जीएसटी लागू होने से पहले रोजाना आठ से दस बाइक की बिक्री होती थी। अब रोजाना 15 बाइकें तक बिक रही हैं।
बाइकों की कीमत में गिरावट के साथ ही बाइक का बीमा महंगा हो गया है। जीएसटी लागू होने के बाद प्रीमियम में तीन प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। जस्सी मोटर्स के संचालक हरदीप सिंह कहते हैं जीएसटी लागू होने के बाद सभी परिवर्तन करा लिए हैं। कीमत में डेढ़ हजार रुपये तक की गिरावट आई है।
बाइकों की बिक्री भी अब पहले की अपेक्षा बढ़ी है। गुरुचरन मोटर्स के संचालक नवनीत सिंह कहते हैं बजाज की बाइकों की कीमतों में 700 से लेकर 4500 रुपये तक की कमी आई है। जीएसटी लागू होने के बाद प्रीमियम में जरुर वृद्धि हुई है मगर कीमतें कम होने से बाजार में उछाल आया है। पिछले साल की अपेक्षा पांच से सात प्रतिशत तक बिक्री बढ़ी है।
आगरा रोड निवासी डॉ. अनुज यादव का कहना है जीएसटी लागू होने के बाद दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं पहले की अपेक्षा सस्ती हो गई हैं। बाइक की कीमतें भी कम हो गई हैं।
रठेरा निवासी निर्दोष कुमार का कहना है केंद्र सरकार ने जनता के हित में जीएसटी लागू की है। वंशीगौहरा निवासी अवनेंद्र कुमार का कहना है कि बाइकों की कीमतें भी बहुत कम हुई हैं। बाइक की कीमत घटने से वह एक और बाइक खरीदेंगे।